पहाड़ी नाले में उफान से महराजगंज तराई के 15 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। रास्तों पर पानी भरने के कारण आवागमन प्रभावित हो गया है। वहीं, राप्ती नदी भी चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंच गई है। इसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया गया है।
पहाड़ी खरझार नाले में शनिवार की रात एकाएक पानी बढ़ गया। सुबह जब ग्रामीणों की नींद खुली तो गांव के चारों ओर पानी भरा दिखाई दिया। इससे अफरा तफरी मच गई। बाढ़ का पानी कुछ लोगों के घरों में घुस गया है। ऐसे में लोग बचाव की कोशिश में लगे हुए हैं। पानी सड़क पर बहने के कारण आवागमन बंद हो गया है। स्कूल व पंचायत सचिवालय में भी पानी भर गया है।
ये भी पढ़ें - मुख्यमंत्री योगी बोले- जिन्हें अयोध्या से नफरत वो सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार कर रहे हैं
ये भी पढ़ें - जेल कर्मियों को निर्देश, राखी बांधने आने वाली बहनों के लिए करें मिठाई और पानी का इंतजाम
पहाड़ी नाले में उफान के कारण रामगढ़ मैटहवा, विजयीडीह, शांतिपुरवा, जगरामपुरवा, लहेरी, सुगानगर, लोनियनपुरवा, औरहिया, सहबिनिया, साहेबनगर, पटोहाकोट, पूरे छीटन, अमरहवा कला, अमरहवा खुर्द, तिवारी डीह, बनकटवा, लोहेपनिया, जमुनपुर व दादव गांव बाढ़ की चपेट में है। वहीं, नेपाल के कुसुम क्षेत्र में बारिश के कारण राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। राप्ती नदी चेतावनी बिंदु 103.630 मीटर के सापेक्ष 103.650 मीटर तक पहुंच गई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है।
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी किया अलर्ट
नेपाल राष्ट्र में एवं जनपद में भारी बारिश होने के कारण राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। नेपाल में बारिश के कारण राप्ती नदी का जलस्तर सोमवार को डेंजर लेवल तक पहुंचने की संभावना है। इसके दृष्टिगत नागरिकों को नदी के किनारे या बाढ़ के पानी में न जाने और बच्चों, बूढ़ों को पानी से दूर रहने को कहा गया है।
कंट्रोल रूम सक्रिय
बाढ़ को देखते हुए कंट्रोल रूम के नंबर- 05263-236250, 9170277336 व 8960010336 या टोल फ्री नम्बर 1077 पर कॉल करके मदद प्राप्त किया जा सकता है। इसी प्रकार तहसील सदर में स्थापित तहसील स्तरीय कन्ट्रोल रूम के नम्बर 05263-234024, तुलसीपुर 9454416070 या 8400696224 तथा उतरौला में 9454416061 या 05265-252469 पर कॉल किया जा सकता है।