नर्सों ने बंदर के बच्चे के साथ वीडियो बनाया।
- फोटो : amar ujala
मेडिकल कॉलेज स्थित एमसीएच विंग में बंदर के बच्चे के साथ रील बनाना छह स्टाफ नर्सों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर रील बनाने का वीडियो वायरल होने पर प्राचार्य ने इस मामले में छह स्टाफ नर्सों को निलंबित कर दिया है साथ ही जांच कमेटी भी गठित कर दी है।
महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय स्थित महिला अस्पताल में ड्यूटी के दौरान स्टाफ नर्स बंदर के बच्चे के साथ रील बना रही थीं। वीडियो में बंदर का बच्चा कपड़ा पहने हुए स्टाफ नर्सों के कभी गोद में तो कभी मेज पर रखे अस्पताल के जरूरी कागजों पर खेलता हुआ दिख रहा है।
ये भी पढ़ें - शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह के परिवार से मिले राहुल गांधी, शहीद की मां बोलीं- अग्निवीर योजना ठीक नहीं
ये भी पढ़ें - हाथरस हादसा: एसआईटी रिपोर्ट के आधार पर छह पर गिरी गाज, एसडीएम, सीओ समेत छह निलंबित
मंगलवार को यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यह वीडियो अमर उजाला के पास मौजूद है लेकिन अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है। मामले को कड़ा संज्ञान लेते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय खत्री ने स्टाफ नर्स अंजली, किरन सिंह, आंचल शुक्ला, प्रिया, पूनम पांडेय व संध्या सिंह को बंदर के बच्चे के साथ रील बनाने, ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने व सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राचार्य द्वारा जारी किए गए कार्यालय आदेश पत्र में लिखा गया है कि छह स्टाफ नर्सों को निलंबित किया गया है। जांच कमेटी गठित की गई है। जांच आख्या मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।