बहराइच के एक गांव में बृहस्पतिवार को घायल तेंदुआ पहुंचा तो ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। सूचना पर रेस्क्यू टीम पहुंची और उसे रेस्क्यू किया। बताया जा रहा है कि आपसी संघर्ष के कारण वो घायल हुआ था।
बहराइच जिले के दुर्गागौढी बजार में बृहस्पतिवार को एक तेंदुआ घायल अवस्था में आ गया। इससे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। हालांकि, डीएफओ कतर्नियाघाट की सूचना पर नार्थ खीरी के वन कर्मियों ने रेस्क्यू कर लिया।
विज्ञापन
कोतवाली मुर्तिहा का दुर्गा गौढी गांव लखीमपुर की सीमा पर बसा हुआ है। बाजार में एक तेंदुआ जंगल से भटक कर आ गया। वह गांव में विचरण करने लगा। तेंदुआ को देखकर ग्रामीण इधर उधर दौड़ने लगे। सूचना सुजौली रेंज के वन कर्मियों को दी गई।
डीएफओ कतर्नियाघाट बी शिव शंकर ने बताया कि लखीमपुर के नार्थ खीरी डिवीजन के धौरहरा रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। सभी ने तेंदुआ का रेस्क्यू कर लिया। उन्होंने बताया कि तेंदुआ घायल था। हो सकता है कि आपसी संघर्ष हुआ हो। उसे रेंज कार्यालय धौरहरा में लाकर इलाज किया जा रहा है।