बहराइच के खैरीघाट थाना के इमामगंज नगर पुलिया के पास बृहस्पतिवार की रात गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने ई रिक्शा और ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ई रिक्शा सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि ई रिक्शा और ऑटो में सवार 12 लोग घायल हो गए।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। खैरीघाट थाना क्षेत्र के इमामगंज नहर पुलिया के पास नानपारा चीनी मिल गन्ना लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्राली ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। नानपारा की ओर से आ रहे ई रिक्शा में बैठे हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम बहदुरिया निवासी पंकज (23) , मीना, शिवाजी, लक्ष्मी पत्नी पंकज और चालक घायल हो गए। इसी दौरान ऑटो आ गया।
गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने ई रिक्शा में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो में सवार आठ यात्री घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी नानपारा पहुंचाया। लक्ष्मी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि हालत गंभीर होने पर पंकज, मीना, शिवा जी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया हादसे में महिला की मौत हुई है। टक्कर मारने वाले चालक का पता लगाया जा रहा है।