मामले की जानकारी पर पहुंचे पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
बहराइच के हरदी क्षेत्र के ग्राम पंचायत गदामार खुर्द के मेथौरा गांव निवासी मयंकर (26) का शव सोमवार की सुबह संदिग्ध हालात में खेत पर स्थित शहतूत के पेड़ से रस्सी के फंदे से लटकता मिला। तेज दुर्गंध उठने पर जब ग्रामीणों ने वहां जाकर देखा तो उन्हें शव लटका मिला जिससे कि हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक व थाना पुलिस की टीम ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के पिता राम धीरज ने पुलिस को बताया कि वह छह दिन से लापता था। 22 अगस्त को थाने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। 21 अगस्त को बेटा घास छीलने के लिए खुरपा और बोरी लेकर घर से निकला था। सोमवार सुबह कुछ किसान अपने-अपने खेत को गए तो वहां बहुत तेज दुर्गंध आ रही थी। जब लोगों ने जाकर देखा तो युवक का शव फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंचे राम धीरज ने मृतक की पहचान बेटे के रूप में की। खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करता था। मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी हरदी सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के पिता ने जानकारी दी है कि उसकी शादी एक वर्ष पहले थाना फखरपुर के पंडितपुरवा गांव में हुई थी। रक्षाबंधन को लड़का और बहू दोनों ससुराल गए थे और वहां से वापस आए। किसी से विवाद नहीं हुआ। मृतक और उसकी पत्नी का मोबाइल कब्जे में लेकर मौत का कारण पता करने की कोशिश की जा रही है।