कानपुर के बाद गायब हो गया बदर, पुलिस के हाथ खाली
लखनऊ। नाका के होटल शरणजीत में पत्नी व चार बेटियों की हत्या के आरोपी बदर को पांच दिन बाद भी नाका पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। वह आखिरी बार कानपुर रेलवे स्टेशन के पास सीसीटीवी कैमरे में देखा गया था।
पुलिस ने बदर की तलाश में कई जगह दबिश दी, पर वह हाथ नहीं लग सका। पुलिस उसको कानपुर तक ही ट्रेस कर सकी। कानपुर के बाद बदर कहां भाग गया, किसी को कुछ नहीं पता। पुलिस अब बदर के करीबियों मोबाइल फोन पर नजर रखे है और सर्विलांस की मदद से बदर की लोकेशन ट्रेस करने में लगी है।
पुलिस के सूत्रों के अनुसार शातिर बदर के खिलाफ पुलिस जल्द कोर्ट से एनबीडब्ल्यू हासिल कर सकती है और उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया जा सकता है। अभी तक की जांच में यह साफ नहीं हो सका है कि बदर ने बेटे अरशद के साथ मिलकर पत्नी व चार बेटियों की हत्या क्यों की थी।
ये है मामला
आगरा निवासी अरशद ने पिता के साथ मिलकर मां अस्मा (49), बहनें अल्शिया (19), रहमीन (18), अक्सा (16) और आलिया (9 ) नाका के होटल शरणजीत में हत्या कर दी थी। आरोपी 30 दिसंबर को लखनऊ आए थे। दो दिन के होटल का कमरा बुक कराया था। 31 दिसंबर की रात में दोनों सामूहिक हत्याकांड को अंजाम दिया था। अरशद ने इस दौरान वीडियो बनाकर वायरल भी किया था। वारदात के बाद अरशद ने सरेंडर कर दिया था, जबकि बदर भाग निकला था।