सरोजनीनगर। दिल्ली में मंगलवार दोपहर बारिश के कारण मौसम बिगड़ गया। खराब दृश्यता की वजह से चार विमानों को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद उड़ानें लखनऊ डायवर्ट कर दी गईं।
रांची से दिल्ली जा रहा एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान (आईएक्स 2379) दोपहर करीब 2:10 बजे लैंड नहीं कर सका और इसे लखनऊ भेज दिया गया। देहरादून से दोपहर 2:30 बजे दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की उड़ान (एआई 2908) भी अमौसी एयरपोर्ट पर उतारी गई।
मुंबई से दिल्ली जा रहे इंडिगो के विमान (6ई 615) की दोपहर 3:15 बजे लैंडिंग थी, लेकिन इसे भी लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। गुवाहाटी से दोपहर 3:20 बजे दिल्ली पहुंचने वाला एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान (आईएक्स 1513) भी लखनऊ में उतारा गया। दिल्ली में मौसम सामान्य होने पर इन विमानों को थोड़े-थोड़े अंतराल पर भेजा गया। ग्रेटर नोएडा से शिवगढ़ जा रहा हेलीकॉप्टर भी मौसम की खराबी के चलते लखनऊ डायवर्ट किया गया।