लखनऊ विश्वविद्यालय में इस साल से शुरू हो रहे बैचलर ऑफ एलीमेंट्री एजूकेशन (बीएलएड) पाठ्यक्रम की कुल फीस एक लाख रुपये होगी।
चार वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स के लिए पहले साल 40 हजार रुपये और बाकी तीन साल में 20-20 हजार रुपये फीस लिया जाना प्रस्तावित है। बीएलएड प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी हो चुका है।
इसकी काउंसिलिंग इसी सप्ताह से प्रस्तावित है। विवि में सोमवार को होने वाली बैठक में इसका विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा। यह पाठ्यक्रम इस साल से राजधानी के 13 डिग्री कॉलेजों में शुरू हुआ है।
हर कॉलेज में 50 सीटें हैं। 13 अगस्त को हुई इसकी प्रवेश परीक्षा में कुल पंजीकृत 6,210 में से 4,773 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। कुल 650 अभ्यर्थियों को इस कोर्स में प्रवेश मिल सकेगा।
नेशनल काउंसिल फॉर टीचर्स एजूकेशन (एनसीटीई) ने बेसिक ट्रेनिंग सर्टिफिकेट (बीटीसी) पाठ्यक्रम समाप्त करके उसके स्थान पर डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजूकेशन (डीएलएड) को मंजूरी दी है।
यह दो वर्षीय पाठ्यक्रम स्नातक के बाद होता है। लखनऊ विश्वविद्यालय ने इसका इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम बैचलर ऑफ एलीमेंट्री एजूकेशन (बीएलएड) शुरू किया है। इस चार वर्षीय पाठ्यक्रम में दाखिला 12वीं के बाद ही दिया जाएगा।
इंटीग्रेटेड कोर्स होने की वजह से इसमें स्नातक की डिग्री के साथ ही एलीमेंट्री एजूकेशन टीचिंग का प्रमाणपत्र भी मिल जाएगा। एनसीटीई ने विवि के साथ ही डिग्री कॉलेजों को भी यह कोर्स संचालित करने की अनुमति दी है।
शर्त यह है कि डिग्री कॉलेजों के दाखिले विवि में केंद्रीकृत प्रणाली के आधार पर होंगे। इसकी फीस भी विवि को तय करनी है। लविवि परिसर में अभी इस कोर्स की शुरुआत नहीं हुई है, लेकिन 13 डिग्री कॉलेजों को बीएलएड की मान्यता मिल चुकी है।
प्रवेश परीक्षा के बाद अब इनमें दाखिले के लिए काउंसिलिंग होनी है। इस संबंध में लविवि के शिक्षा संकाय में डिग्री कॉलेज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होनी है। बैठक में एक लाख रुपये फीस चार साल में किस तरह से ली जाएगी और काउंसिलिंग पर भी निर्णय होगा।