प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा कि देश में मुसलमानों के खिलाफ नफरत का माहौल बनाया जा रहा है। कोई कहता है कि पाकिस्तान चले जाओ, तो कोई हमारी दाऊद से तुलना करता है। पूरी दुनिया की समस्याओं का हल मोहब्बत में है।
जरूरत इस बात की है कि हम दूसरों के तेल के कुओं को न लूटें, उनके यूरेनियम और प्लेटिनम पर नजर न डालें। मुसलमानों की आजादी की लड़ाई में अहम भूमिका रही है।
जालियांवाला बाग में अंग्रेजों की गोली से जो लोग शहीद हुए उसमें 40 फीसदी लोग हमारे थे। उन सभी शहीदों के नाम वहां की दीवारों पर लिखा है।
आजम खां बृहस्पतिवार को मो. अली जौहर यूनिवर्सिटी में जौहर-डे पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैंने कर्नल अजीत सिंह की बात का उल्लेख किया कि कारगिल की पहाड़ियों पर पाकिस्तान की फौज के साथ मुकाबला करने वाले हमारे फौजी मुसलमान थे तो पूरे देश में बवाल मच गया।