नगर विकास एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री आजम खां ने अमेरिकी दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशी उद्योगपतियों के सम्मान के मुद्दे पर घेरा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वदेशी उद्योगपतियों को वही सम्मान देंगे जो उन्होंने अमेरिकी उद्योगपतियों को देने की बात कही है।
उन्होंने उम्मीद जताई है कि मोदी स्वदेशी उद्योगपतियों के लिए विदेशी तकनीक लाकर और देशवासियों को शामिल करके स्वदेशी का सपना साकार करेंगे ताकि कोई ईस्ट इंडिया कंपनी न आ सके और देश का पैसा विदेशों में न ले जा सके।
मोदी अमेरिका जनता को खुशहाल करने के बजाय आत्महत्या कर रहे किसानों, जवानों और मां-बहनों के चेहरे से उदासी की लकीर मिटाने तथा मुस्कान लाने का संकल्प लेंगे।
कब दिलाएंगे मुस्लिमों को आरक्षण?
आजम ने आरक्षण पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बयान पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम अगड़े हों या पिछड़े, वे दलितों, पिछड़ों को अधिकार दिलाने के हमेशा पक्षधर रहे हैं, आज भी हैं।
उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा है कि इंतजार बस इतना है कि आजादी मिलने के इतने दिन बाद भी अपमान का जीवन जी रहे मुसलमानों को आरक्षण कब दिलवाएंगे?
आजम ने रद्द किया विदेश दौरा, अटकलों का दौर शुरू
आजम खां ने सोमवार को अचानक ब्राजील जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। उन्होंने विदेश दौरा क्यों स्थगित किया, इसे लेकर भी अटकलों का दौर शुरू हो गया है। वहीं, प्रधानमंत्री के विदेश दौरे पर उनकी टिप्पणी के भी मायने निकाले जा रहे हैं।
आजम की अगुवाई में अफसरों के प्रतिनिधिमंडल को ब्राजील के साओपालो जाना था। उन्हें वहां रिसोर्स एफिशिएंसी एंड वेस्ट मैनेजमेंट सॉल्यूशंस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था। आजम रविवार को दिल्ली पहुंच गए थे। उन्हें सोमवार को ब्राजील के लिए फ्लाइट पकड़नी थी, लेकिन उन्होंने विदेश यात्रा स्थगित कर दी और रात को रामपुर पहुंच गए।
मंगलवार को वे लखनऊ आ सकते हैं। उनके नजदीकी लोगों ने पंचायत चुनाव के चलते दौरा रद्द किए जाने की जानकारी दी है लेकिन यह किसी के गले नहीं उतर रही है।
पंचायत चुनावों में न तो वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों की सभाएं होनी हैं और न ही सपा सभी सीटों पर प्रत्याशी उतार रही है। फिर, पंचायत चुनाव तो एक माह से ज्यादा वक्त तक चलेंगे जबकि उनका दौरा चंद दिन का था।
कहीं मोदी की घेराबंदी की कोशिश तो नहीं
दौरा स्थगित होने के बाद आजम खां ने जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी से स्वदेश वापसी की उम्मीद जताई है, उनसे स्वदेशी का सपना साकार करने को कहा है, इसे संघ और भाजपा के हथियार से मोदी की घेराबंदी के रूप में देखा जा रहा है। विदेश दौरा टलने को मौजूदा सियासी हालात से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि आजम बिहार में महागठबंधन से सपा के अलग होने, अलग मोर्चा बनाकर विधानसभा चुनाव लड़ने और मोदी के प्रति वरिष्ठ नेताओं की नरमी के रुख से सहमत नहीं हैं।
अमर सिंह की बढ़ती सक्रियता, सपा मुखिया और परिवार के अन्य सदस्यों से उनकी मुलाकातें भी उन्हें रास नहीं आ रही है। ये सब भी उनके विदेश दौरा रद्द होने की वजह हो सकते हैं।
अफसर विदेश रवाना हुए
सचिव नगर विकास श्रीप्रकाश सिंह, निदेशक सूडा शैलेंद्र कुमार सिंह, लखनऊ, झांसी व इलाहाबाद के नगर आयुक्त, जल निगम के प्रबंध निदेशक, सीएंडडीएस के महाप्रबंधक आदि ब्राजील दौरे पर रवाना हो गए हैं।