रसोई गैस व डीजल-पेट्रोल की घटतौली के एक सवाल पर शुक्रवार को विधानसभा में माहौल हल्का करते हुए संसदीय कार्य मंत्री मो. आजम खां ने कहा, 1980 से एमएलए हूं।
मेरा कोई पेट्रोल पंप या गैस एजेंसी नहीं है। मांगा तो भी नहीं मिला। भारत सरकार ही महानुभावों को देती है।
पेट्रोल पंप पर इलेक्ट्रॉनिक मीटर भी भारत सरकार ही लगवाती है। आजम ने अनुपूरक सवाल पूछने वाले डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी की चुटकी लेते हुए कहा कि सदस्य अन्यथा न लें मेरठ के गैस एजेंसियों व पेट्रोल पंप वालों से इनके अच्छे ताल्लुक हैं।
वे चुनाव लड़ाते हैं। साथ में दावतें खाते हैं। डॉ. वाजपेयी कुछ कहते इससे पहले ही आजम ने अपनी सफाई भी पेश कर दी।
बोले, हर सवाल को इतनी संजीदगी से न लें। माहौल हल्का करने दें। उन्होंने कहा कि घटतौली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है पर जिसे तेल कम मिला उसका क्या?