गोंडा: पंचायतों के रिक्त पदों के लिए उपचुनाव शुरू हो गया है। 13 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिसबल की तैनाती की गई है। सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा।
सीतापुर ग्राम पंचायत उपचुनाव: दो प्रधान पदों के लिए हो रहा मतदान, 10 बजे तक पड़े 15 फीसदी वोट
एलिया की बीवीपुर आलमपुर और खैराबाद ब्लॉक की दहेलिया श्रीरंग ग्राम पंचायत के प्रधान पदो के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। पुलिस बल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में हो रहे मतदान में पहले 3 घंटे में तकरीबन 15 फ़ीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतपेटियों को ब्लॉक मुख्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा।
बलरामपुर: लोकतंत्र के महापर्व में उमड़ा वोटरों का उत्साह
लोकतंत्र के महापर्व में वोटरों का उत्साह उमड़ रहा है। जिले के तीन ग्राम पंचायतों में रिक्त प्रधान के सीटों पर बुधवार को उप चुनाव कराया जा रहा है। तुलसीपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत भंगहाकला में पांच व मुड़िला में आठ और गैसड़ी ब्लॉक के मध्यनगर में दो बूथों पर सुबह सात बजे से मतदान किया जा रहा है। सुबह 10 बजे तक 18 फीसदी वोटरों ने मतदान किया है। वोटर दिव्यांग दीनानाथ ने बताया कि गांव के विकास के मुद्दे पर मतदान किया है। 90 वर्षीय राम खेलावन ने वोट डालकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया। उप चुनाव में शाम पांच बजे तक मतदान किया जाएगा।