भव्य आकार लेने लगा है राम मंदिर परिसर का शंकराचार्य द्वार
- फोटो : amar ujala
राम मंदिर परिसर का गेट नंबर 11 यानि शंकराचार्य द्वार अब भव्य रूप लेने लगा है। करीब 11 मीटर ऊंचे इस विराट द्वार का 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। शेष काम तेजी से चल रहा है। ट्रस्ट का लक्ष्य है कि 15 अक्तूबर तक निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाए।
विशेष बात यह है कि 25 नवंबर को ध्वजारोहण समारोह के दौरान देश-विदेश से आने वाले विशिष्ट अतिथि इसी गेट से रामलला के दर्शन के लिए प्रवेश करेंगे। शिल्प कला, पारंपरिक स्थापत्य और पत्थरों की बारीक नक्काशी से सुसज्जित यह द्वार मंदिर परिसर का गौरव बढ़ाने जा रहा है। प्रवेश द्वार की ऊंचाई 11 मीटर, चौड़ाई 17 मीटर और लंबाई 30 मीटर होगी। प्रवेश द्वार के ऊपर भव्य शिखर भी बनेगा। इस द्वार पर शंकराचार्य के जीवन की कहानी भी पत्थरों पर उकेरी जाएगी।
ये भी पढ़ें - हनुमानगढ़ी के प्रसाद में मिली मिलावट, दो नमूने फेल... बेसन के लड्डू और देसी घी नहीं था शुद्ध
ये भी पढ़ें - यूपी: प्रदेश में दो दिन बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज, तीन अक्तूबर से बदले हुए समय पर खुलेंगे विद्यालय; जानिए नया समय
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने कहा कि गेट नंबर-11 को विशेष रूप से इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि यह मंदिर की भव्यता और सुरक्षा दोनों का प्रतीक बने। श्रद्धालुओं को इस द्वार से दिव्यता और परंपरा का अनुभव होगा। इस द्वार पर अद्वितीय नक्काशी की जा रही है। 11 मीटर की ऊंचाई इसे अलग पहचान देगी। ध्वजारोहण समारोह में जब अतिथि इसी मार्ग से प्रवेश करेंगे तो उन्हें प्राचीन और आधुनिक शिल्पकला का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।