पुलिस चौकी के बगल में मिला बारूद का जखीरा
- फोटो : अमर उजाला
अयोध्या में हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी से मात्र 500 मीटर पर स्थित एक घर में गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में जोरदार धमाका हुआ है। पुलिस ने नौ बोरियों में बारूद व बम बनाने के सामान को बरामद करके हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी प्रांगण में रखा है। बम विस्फोट की वजह से तकरीबन तीन सौ वर्ग फीट का मकान धराशाई हो गया है। हालांकि हैरिंग्टनगंज पुलिस रात भर सिलेंडर दगने की बात दोहराती रही।
धमाका इतना भयानक था कि उसकी धमक कई किलोमीटर दूर तक सुनाई पड़ी। धमाके में इमरान उर्फ कल्लू (30) युवक घायल हो गया है। जिसको हैरिंग्टनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। अब उसे जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मिल्कीपुर सीओ सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि आतिशबाजी का काम यह परिवार करता था और उसके घर पर बारूद व आतिशबाजी का सामान बनाने का उपकरण भी मिला है।