फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या: बदली हनुमानगढ़ी में व्यवस्था, बसंत पंचमी से सिर्फ शुद्ध देशी घी के लड्डू का ही चढ़ेगा प्रसाद

Wed, 31 Jan 2024 07:53 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला संवाद, अयोध्या

सार

हनुमानगढ़ी में प्रसाद की व्यवस्था बसंत पंचमी से बदलने जा रही है। नई व्यवस्था के तहत  बसंत पंचमी से केवल देशी घी के लड्डू ही हनुमंतलला को अर्पित किए जाएंगे।
विज्ञापन
हनुमानगढ़ी - फोटो : FAIZABAD
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रामनगरी अयोध्या की सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी की व्यवस्थाएं भी बदल रही हैं। हनुमानगढ़ी में अब केवल शुद्ध देशी घी के लड्डू का ही प्रसाद चढ़ेगा। प्रसाद की गुणवत्ता को लेकर हनुमानगढ़ी अखाड़ा ने व्यापारियों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर यह निर्णय लिया है। यह नई व्यवस्था आगामी बसंत पंचमी से लागू की जाएगी।

विज्ञापन


बैठक में हनुमानगढ़ी में उमड़ने वाली भीड़ नियंत्रण के लिए भी कई सुझाव आए हैं, जिस पर अमल की तैयारी प्रशासन ने शुरू कर दी है। अभी तक हनुमानगढ़ी में रिफाइंड, देशी घी और गरी के लड्डुओं के प्रसाद चढ़ाए जाते रहे हैं। आए दिन इस प्रसाद की गुणवत्ता पर सवाल भी खड़े होते रहे। खाद्य विभाग की टीम भी जांच पड़ताल करती रही है।

पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी के दर्शन के दौरान प्रसाद की गुणवत्ता सुधारने के लिए कहा था। उसके बाद हनुमानगढ़ी अखाड़ा आगे आया और मंगलवार की देर शाम चारों पट्टी के महंत, व्यापारी व प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक की है। तय हुआ कि अब केवल देशी घी के लड्डू ही प्रसाद रूप में स्वीकार किए जाएंगे। व्यापारियों के पास जो पुराना स्टॉक बचा है, उसे खत्म करने के लिए बसंत पंचमी यानी 14 फरवरी तक का समय दिया गया है। बसंत पंचमी से केवल देशी घी के लड्डू ही हनुमंतलला को अर्पित किए जाएंगे।
विज्ञापन


बैठक में हनुमानगढ़ी के गद्दीनशीन महंत प्रेमदास, हरिद्वारी पट्टी के महंत मुरलीदास, बसंतिया पट्टी के महंत रामचरण दास, उज्जैनिया पट्टी के प्रतिनिधि के रूप में महंत नंदरराम दास व सागरिया पट्टी के महंत ज्ञानदास के शिष्य संजय दास, महंत गौरीशंकर दास, महंत डॉ़ महेश दास, मंडलायुक्त गौरव दयाल, डीएम नितीश कुमार, आईजी प्रवीण कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।

हनुमानगढ़ी समय-समय पर कराएगा जांच
महंत संजय दास ने बताया कि हनुमंतलला के दरबार में गुणवत्ता युक्त प्रसाद अर्पित किए जाने पर जोर है। हनुमानगढ़ी समय-समय पर दुकानदारों के लड्डुओं की जांच कराएगा। व्यापारियों को स्पष्ट बता दिया गया है कि प्रसाद की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। व्यापारियों ने भी पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

हनुमानगढ़ी में भी जल्द शुरू होगी लॉकर सुविधा
अयोध्या। हनुमानगढ़ी में भी अब श्रद्धालुओं को जल्द लॉकर की सुविधा मिल सकती है। प्रशासन दुकानदारों से अपील कर रहा है कि वे सामान रखने के लिए दुकानों पर लॉकर बनवाएं। एसडीएम सदर राजकुमार पांडेय ने इस पर व्यापारियों से संवाद भी किया है। भक्तिपथ पर प्रसाद की करीब 90 दुकानें हैं। दुकानदारों के नाम के साथ पूरा ब्योरा नोट किया जा रहा है, ताकि उनकी सहमति के बाद यह व्यवस्था लागू हो सके। हालांकि, प्रशासन की ओर से भी श्रृंगार हाट बैरियर के पास लॉकर बनवाने की तैयारी चल रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें