राम मंदिर की सुरक्षा दीवार का निर्माण जारी।
- फोटो : amar ujala
श्रीराम जन्मभूमि परिसर के चारों ओर 3400 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। इस दीवार का लगभग 500 मीटर हिस्सा बनकर तैयार हो गया है। दिसंबर तक दीवार का काम पूरा करने का लक्ष्य है। यह दीवार 16 मीटर ऊंची और 14 मीटर चौड़ी होगी। अभी परिसर के उत्तरी व पश्चिमी हिस्से में दीवार का निर्माण चल रहा है।
मंदिर परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस दीवार को मजबूत और अत्याधुनिक तकनीक के साथ तैयार किया जा रहा है। 3400 मीटर के हिस्से में पाइलिंग का काम पूरा हो चुका है। चार चरणों में इसका निर्माण होगा। पहले चरण में 850 मीटर में काम होना है, जिसमें से अब तक 500 मीटर में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
ये भी पढ़ें - करंडा कटरिया मामले पर अखिलेश का तंज, बोले- प्रदेश ने बयान बदलवाने वाला इतना कमजोर मुख्यमंत्री नहीं देखा
ये भी पढ़ें - दूल्हे को बग्घी से खींचकर उतारा, प्रचंड गर्मी में उबल रहा है प्रदेश; सीएम योगी का बड़ा बयान
इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड की ओर से बनाई जा रही इस दीवार में 80-90 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसमें 360-डिग्री मॉनिटरिंग के लिए 24 से अधिक वॉच टॉवर, सेंसर और कंटीले तार लगाए जा रहे हैं। दीवार के ऊपरी हिस्से में स्टील की बाड़, इलेक्ट्रॉनिक सेंसर, और आधुनिक निगरानी उपकरण लगाए जाने हैं।
वहीं, दीवार के समानांतर ही वॉच टॉवर निर्माण का भी काम चल रहा है। अब तक छह वॉच टॉवर का निर्माण पूरा किया जा चुका है। दीवार के बीच में 14 फीट का गैप भी छोड़ा जा रहा है, ताकि सुरक्षाकर्मी सुगमता से पेट्रोलिंग कर सकें। राम मंदिर के ट्रस्टी डॉ. अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि दीवार के निर्माण का काम चल रहा है। दीवार बनने से राम मंदिर की सुरक्षा और सुदृढ़ हो जाएगी। दीवार अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस होगी। दिसंबर तक काम पूरा होने की उम्मीद है।