मासूम से दुष्कर्म की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। मड़ियांव में शनिवार दोपहर आठ वर्षीय बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने 65 वर्षीय राकेश कुमार अपने घर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। शोर सुनकर परिजन व अन्य लोग आरोपी के घर पहुंच गए और बच्ची को बचा लिया। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि आरोपी अविवाहित है। वह शादीशुदा बहन के साथ रहता है। केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के वक्त बच्ची घर के बाहर खेल रही थी।
बालिका से छेड़छाड़, सात पर केस
ठाकुरगंज में बुधवार को पड़ोस की दुकान में सामान लेने गई 12 वर्षीय बालिका से दो शोहदों ने छेड़छाड़ की। विरोध पर गाली गलौज करते हुए आरोपी व उसके घरवालाें ने बालिका की मां की पिटाई कर दी। बालिका की मां ने शुक्रवार को थाने में सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।