गुडंबा। मड़ियांव में पिता के इंतजार में खड़ी किशोरी को बीफार्मा के छात्र मोनू यादव ने बाइक पर जबरन बैठाने का प्रयास किया। किशोरी का शोर सुनकर राहगीरों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। किशोरी की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ में छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि अलीगंज निवासी महिला की फैजुल्लागंज में दुकान है। उनकी 16 वर्षीय बेटी बुधवार दोपहर दुकान जाने के लिए बंधा रोड स्थित निजी हॉस्पिटल के पास खड़ी होकर पिता का इंतजार कर रही थी। इसी बीच बनैवा पुरवा, माल निवासी मोनू यादव बाइक से निकला। किशोरी का आरोप है मोनू ने उसे कई बार बाइक पर बैठने के लिए इशारा किया। अनदेखी करने पर आरोपी ने बाइक उसके आगे लगा दी और जबरन हाथ पकड़कर उसे बैठाने का प्रयास किया। हिम्मत दिखाते हुए किशोरी ने बाइक की चाबी निकाल ली और मदद के लिए शोर मचाया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी मोनू को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल दिया गया।