विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक अशोक सिंघल ने सोमवार को अयोध्या से शुरू हुई 'राम बारात' के दौरान आजम खां पर जमकर जुबानी हमला बोला। सिंघल ने आरोप लगाया, 'आजम खून-खराबे को संरक्षण देते हैं और यही उनका मकसद रहता हैं।'
सिंघल ने कहा कि पिछले दिनों मंदिर मुद्दे पर मुलायम व उनके पुत्र अखिलेश यादव से लखनऊ में मेरी मुलाकात हुई थी, लेकिन आजम खां बीच में आ गए। उनको यह नहीं करना चाहिए था।
सिंघल ने कहा कि आजम को नहीं मालूम है कि इस देश की हवा बदल गई है। आजम के बयान सौहार्द में नहीं रहते हैं। वह हवा को पहचाने और शांति बनाए रखें। खून-खराबा जिहादी-माओवादी करते हैं।
सिंघल ने कहा कि देश के हजारों वर्षों के इतिहास में हिंदू समाज ने जिहादी प्रकृति का परिचय नहीं दिया है। हम शांतिप्रिय हैं, भारत में शांति कायम करने के लिए भगवान राम ने जन्म लिया था।
हम लोगों को एक-दूसरे की भावनाओं का आदर करना चाहिए। गौरतलब है कि 84 कोसी परिक्रमा से पहले लखनऊ में सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव से अशोक सिंघल मिले थे और उनसे राममंदिर निर्माण में सहयोग की अपील की थी।