वाराणसी के संकट मोचन मंदिर परिसर में रह रहे आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनके माता-पिता को विरोध के चलते निकाल दिया गया है।
अरविंद अपने माता-पिता गीता देवी, गोबिंद केजरीवाल के साथ 15 अप्रैल से वहां ठहरे हुए थे।
बताया जा रहा है कि अरविंद के वहां ठहरने पर पहले दिन से ही विरोध शुरू हो गया था। अरविंद और उनके माता-पिता संकट मोचन मंदिर के प्रमुख पुजारी विशंभर मिश्रा के घर पर रह रहे थे।
आप से जुड़े से एक सूत्र ने बताया कि केजरीवाल और उनके माता-पिता को आनन-फानन में बीएचयू कैंपस के पास दुर्गा कुंड इलाके में रहने का बंदोबस्त किया गया है।
भगोड़ा का दिखाया पोस्टर
यह दूसरी बार है, जब अरविंद केजरीवाल के साथ वाराणसी में बदसुलूकी की गई हो।
इससे पहले जब वह वाराणसी पहुंचे थे, तब उन्हें 'देखो-देखो भगोड़ा आया' का पोस्टर दिखाया गया था।
आम आदमी पार्टी इस कदम को भाजपा में व्याप्त हताशा के तौर पर देख रही है।
पार्टी का कहना है कि पिछले 12 घंटे में दो बार आम आदमी पार्टी की रैली और बैठकों में रुकावट डालने की कोशिश की गई है।
नहीं डरेगी आम आदमी पार्टी
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की मानसिकता इस बात से ही समझी जा सकती है कि वे गालियां तक दे रहे थे।
पार्टी का यह भी कहना है कि भाजपा अब इस तरह की हरकतों का आश्रय ले रही है और दंभ भर रही है कि देश में मोदी की लहर है।
आम आदमी पार्टी ने ताल ठोंककर कहा है कि भाजपा यह समझने की भूल न करे कि इस तरह की हरकतों से आप झुक जाएगी।