बलवा, जानलेवा हमला करने के वर्षों पुराने तीन अलग-अलग मामलों में सालों से गैरहाजिर चल रहे पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा समेत 3 के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश पवन कुमार राय ने तीनों मामलों में सुनवाई के लिए 17 फरवरी की तारीख तय की है।
लखनऊ में हजरतगंज के पहले मामले में कोर्ट ने रविदास, समरबहादुर सिंह और अशोक कुमार सिंह के खिलाफ वारंट जारी कर कहा कि आरोपी लगातार गैरहाजिर हैं। वहीं यह मामला 36 वर्षों से लंबित है। हजरतगंज के दरोगा अखलाक अहमद ने 27 फरवरी 1984 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रविदास मेहरोत्रा के नेतृत्व में 15 से 20 लोग बगैर अनुमति जुलूस के रूप में सरकार विरोधी नारे लगाते हुए हलवासिया मार्केट की तरफ से आए और दुकानदारों से मारपीट करते हुए दुकान बंद करने लगे।