लखनऊ। फिल्म हुड़दंग के प्रोड्यूसर शैलेश आर सिंह के खिलाफ अतिरिक्त न्यायाधीश राजकुमार ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। उन पर आरोप है कि फिल्म हुड़दंग की शूटिंग के दौरान फिल्म निर्माण में आवश्यक सेवा लेने के बाद स्पॉट ऑन मीडिया सॉल्यूशन को जो भुगतान का चेक दिया गया था, वह बाउंस हो गया। मामले में हाजिर न होने पर फिल्म निर्माता कंपनी कर्मा मीडिया एंड एंटरटेनमेंट एलएल के शैलेष आर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई 2022 को नियत की है।
फैजाबाद रोड स्थित स्पॉट ऑन मीडिया सॉल्यूशन के मालिक सुधाकर त्रिपाठी की ओर से वकील संजीव श्रीवास्तव ने परिवाद दायर कर बताया था कि कर्मा मीडिया राजधानी में हुड़दंग फिल्म का निर्माण कर रही थी और निर्माण के लिए आवश्यक सेवाएं लेने के लिए कर्मा मीडिया ने अपने अधिकृत हस्ताक्षरी और फिल्म प्रोड्यूसर शैलेश आर सिंह के जरिये परिवादी से 25 मई 2019 को अनुबंध किया था। कहा गया कि काम पूरा हो जाने के बाद भुगतान के लिए शैलेश आर सिंह ने 15 लाख का चेक दिया था जिसे सुधाकर त्रिपाठी ने अपने खाते में लगाया तो वह बाउंस हो गया। बैंक ने बताया कि हस्ताक्षर नहीं मिल रहे हैं। कोर्ट ने गत वर्ष नवम्बर में परिवाद पर सुनवाई के बाद शैलेश आर सिंह को बतौर आरोपी कोर्ट में तलब किया था लेकिन कोर्ट के आदेश के बाद भी आरोपी शैलेश आर सिंह कोर्ट में हाजिर नहीं हुए जिस पर कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया।