लखनऊ। निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत दुर्बल वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला के लिए आवेदन की प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो जाएगी। आवेदन आरटीई की वेबसाइट से ऑनलाइन करना होगा। हालांकि, अभी जिले के सभी स्कूलों का पंजीकरण व मैपिंग नहीं हो पाया है।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 मार्च तक होगी। आवेदनों का सत्यापन 26 से 28 मार्च तक होगा। 30 मार्च को लॉटरी के माध्यम से चयनित छात्रों की सूची जारी की जाएगी और पहले चरण के चयनित छात्रों को पांच अप्रैल तक स्कूलों में दाखिला दिलाना होगा। तीन चरणों में आवेदन व दाखिले की प्रक्रिया होगी। जो अभिभावक ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाएंगे केवल उनको ही ऑफलाइन आवेदन करने की अनुमति मिलेगी। ऐसे आवेदकों की ऑनलाइन फीडिंग करने का कार्य बीएसए कार्यालय करेगा। अभी सभी स्कूलों ने आरटीई पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराया है। पंजीकरण कराने पर ही आवेदन के दौरान स्कूलों की सीटें दर्शायी जाएंगी। बीएसए विजय प्रताप सिंह ने बताया कि स्कूलों को अपने लॉगइन से पंजीकरण स्वयं करना होगा, जिन्होंने नहीं कराया है उन्हें नोटिस भेजा है।