लखनऊ। अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए 31 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन होंगे। परिषदीय स्कूल के बच्चों को प्रवेश में प्राथमिकता मिलेगी। शिक्षा विभाग ने सरकारी विद्यालय से योग्य विद्यार्थियों का डाटा भेजने के निर्देश दिए हैं। इससे दाखिले के लिए सक्षम विद्यार्थियों से आवेदन कराया जा सकेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि अटल विद्यालय में कक्षा 6 और 9 में प्रवेश आवेदन के लिए बच्चों के साथ अभिभावकों का आधार जरूरी है। योग्य विद्यार्थी जिनके माता-पिता के आधार नहीं होंगे, उनके प्रवेश आवेदन को मान्य नहीं किया जा सकता है।
पांचवीं में प्रवेश आवेदन के लिए बच्चे की उम्र वर्ष 2014 से 2016 के बीच होनी चाहिए। नौवीं कक्षा में प्रवेश के लिए बच्चे की उम्र वर्ष 2011 से 2013 के बीच होनी चाहिए। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की अधिक से अधिक भागीदारी हो, इसके लिए भी जागरूक किया जाएगा।
डीआईओएस ने बताया कि अटल विद्यालय में प्रवेश के लिए 22 फरवरी को प्रवेश परीक्षा होगी। इस दौरान बच्चों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड साथ लाना जरूरी होगा। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 40 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। परीक्षा परिणाम 10 मार्च को जारी होंगे।