लखनऊ। लखनऊ विवि के भाषा विज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर माद्री काकोटी के बाद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइंस (आईएमएस) संस्थान के शिक्षक सौरभ बनर्जी ने सोशल मीडिया पर सत्ता दल की तुलना आतंकवाद से कर दी। इस पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नवीन परिसर में हंगामा कर प्रदर्शन किया। शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सेवा से बर्खास्त करने की मांग की।
विज्ञापन
न्यू कैंपस में कई घंटों तक चले प्रदर्शन में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने शिक्षक के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि विवि में देश विरोधी भावना रखने वाले लोगों को विकसित नहीं होने देंगे। छात्रों ने चीफ प्राक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा है। वहीं, कुलसचिव विद्यानंद त्रिपाठी ने शिक्षक को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। प्रदर्शन करने वाले छात्रों में रुद्र प्रताप सिंह, आशीष कुमार, अंकित, अभिनाथ सिंह, अरुनेश आदि शामिल रहे। उधर, इंस्पेक्टर जानकीपुरम उपेंद्र सिंह ने बताया कि साइबर सेल से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।