मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को बढ़ा हुआ मानदेय देने के आदेश हो गए हैं। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार निदेशालय ने मंगलवार को इसके औपचारिक आदेश जारी कर दिए।
मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को चार जुलाई 2013 से बढ़ा हुआ मानदेय एरियर के रूप में दिया जाएगा।
केंद्र सरकार ने 23 अगस्त 2013 को भेजे अपने आदेश में मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का मानदेय बढ़ाने के निर्देश दिए थे, लेकिन प्रदेश सरकार जनवरी में इस पर निर्णय ले सकी।
पिछले माह हुई अखिलेश सरकार की कैबिनेट ने इस पर मुहर लगाई थी। अब इन कार्यकर्त्रियों को 1500 के बजाय 2250 रुपये मिलेंगे। इससे प्रदेश की 22186 मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां लाभान्वित होंगी।
केंद्र सरकार के मानकों के अनुसार प्रत्येक 150 से 400 की जनसंख्या पर एक मिनी आंगनबाड़ी केंद्र प्रदेश में स्थापित है। इनमें काम करने वाली कार्यकर्त्रियों को अभी तक 1500 रुपये मानदेय मिलता है।
निदेशक आनंद कुमार सिंह ने सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों व प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारियों को तत्काल बढ़ा हुआ मानदेय देने के निर्देश दिए हैं।