सोनी चैनल पर प्रसारित किये जाने वाले शो क्राइम पेट्रोल के एंकर अनूप सोनी सोनी का कहना है कि समाज में अपराध इतना ज्यादा हो रहा है कि एक हफ्ते में अपराध पर सिर्फ सात ही नहीं, चौदह एपिसोड बनाए जा सकते हैं।
अनूप के अनुसार अपराध को दिखाने का हमारा उद्देश्य ये नहीं है कि, अपराधी का महिमामंडन हो या सनसनी फैलाई जाए। सेक्स और हिंसा को परोसना भी हमारा मकसद नहीं है।
लोग अपराधियों से सावधान रहें
अनूप कहते हैं कि हम तो बस इतना चाहते हैं कि, इसके माध्यम से जरायम के खिलाफ जनता जागरूक हो। अपराधियों से लोग सावधान रहें। अपराध की विभीषिका को समझे। इसके साथ हम यह भी बताते हैं कि, किस तरह की मन:स्थिति जुर्म को जन्म देती है।
अनूप सोनी सोमवार की शाम अमर उजाला के कार्यालय पहुंचे और यहां उन्होंने इस सीरियल से जुड़े अनेक सवालों और जिज्ञासाओं का खुल कर जवाब भी दिया। मगर हर बार बस इतना जरूर कहा कि, उनके इस सीरियल का लक्ष्य केवल कमाई करना नहीं है।
अखबारों से मिलते हैं केस
सवाल--क्राइम के ये केस आपको किस तरह से मिलते हैं?
जवाब--दरअसल इसके पीछे हमारा रिसर्च विंग काम करता है। अनेक शहरों से लोग खुद हमको केस भेजते हैं। इसके साथ ही हमारी टीम भी अखबारों को पढ़ती है, उनसे भी केस मिलते हैं। पुलिस का भी सहयोग मिलता है। कुछ इसी तरह से केस लिये जाते हैं।
सवाल--अपराध को दिखाने के लिए चयन का आधार क्या होता है?
जवाब--हमारे लिए चयन का आधार आमतौर से ऐसा क्राइम दिखाने का होता है, जो कि आम आदमी करता है। ऐसा व्यक्ति जिसका आमतौर से कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं होता है। वह केवल गुस्से, लालच, कुंठा और अन्य कारणों से किया जाता है।
अपराध के खिलाफ जागरूकता मकसद
सवाल--इस तरह के कार्यक्रम क्या समाज में अपराध को बढ़ावा नहीं देते हैं?
जवाब--कम से कम हम इतना तो दावे के साथ कह सकते हैं कि, हमारा कार्यक्रम ऐसा कुछ भी नहीं कर रहा है। हम तो लोगों को अपराध के खिलाफ जागरूक करते हैं। हम लगातार कहते हैं कि, नो क्राइम इज परफेक्ट। इसके अलावा उसके दिखाने का तरीका ऐसा होता है कि कभी भी क्राइम न्यायसंगत न लगे।
सवाल--यूपी का सेग्मेंट कब तक चलेगा?
जवाब--एक महीने के लिए हम उत्तर प्रदेश का क्राइम दिखाएंगे। जिसमें कई केस लिये जा रहे हैं। मुरादाबाद और गाजियाबाद के दो केस दिखा भी चुके हैं। इससे पहले माज हत्याकांड के तीन एपिसोड जो लखनऊ से जुड़े थे, उनको बहुत पसंद किया गया था।
आगे भी ऐसे ही करता रहूंगा
सवाल--अपने कैरियर को लेकर क्या इरादा है?
जवाब--साल 1998 में मैंने सी हॉक से कैरियर की शुरुआत की। सीआईडी और बालिका वधू में बेहतरीन रोल किए। अब क्राइम पेट्रोल ने बहुत नाम दिया है। आने वाले समय में क्राइम पेट्रोल को और बेहतर करने की कोशिश कर रहा है।