लखनऊ। एलडीए की अनंतनगर आवासीय योजना के भूखंडों की लॉटरी के दूसरे दिन बुधवार को 78 भूखंड आरक्षित श्रेणी के आवेदकों को आवंटित किए गए। वहीं, बृहस्पितवार को 162 वर्गमीटर के 39 भूखंडों की लॉटरी कराई जाएगी।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि अनंत नगर योजना के अंतर्गत 785 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में टाउनशिप विकसित की जा रही है। इसमें लगभग डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना पूरा होगा। ग्रिड पैटर्न पर योजना विकसित की जा रही है। चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जाएंगी। योजना में लगभग 100 एकड़ क्षेत्रफल में एडुटेक सिटी भी होगी।
अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि अनंतनगर योजना में प्रथम चरण में 334 भूखंडों के लिए चार अप्रैल से पांच मई के बीच ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। इसमें 13,031 लोगों ने पंजीकरण धनराशि जमा कराकर रजिस्ट्रेशन कराया है। भूखंडों की लॉटरी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आवेदकों की उपस्थिति में कराई जा रही है।