रायबरेली के खीरों थाना क्षेत्र में बुधवार को बच्चा चोरी करने के शक में ग्रामीणों ने एक अर्द्ध विक्षिप्त बुजुर्ग को पीटकर घायल कर दिया। घटना की सूचना पर यूपी 100 पुलिस ने पहुंचकर बुजुर्ग की जान बचाई। पुलिस ने मारपीट करने वाले 10 ग्रामीणों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मौके से बाइक और साइकिलें भी कब्जे में ली।
बिहार प्रांत के सिवान निवासी सुदामा (60) काफी दिनों से अर्द्ध विक्षिप्त अवस्था में क्षेत्र में घूम रहा था। बुधवार सुबह जब वह गांव के बाहर बाबा की कुटिया के पास पहुंचा तो ग्रामीणों की भीड़ ने उसे बच्चा चोर कहकर पीटना शुरू कर दिया। ग्रामीण महिला व पुरुष हाथों में लाठी-डंडे लेकर उसे जान से मारने की नियत से मौके पर पहुंच गए, लेकिन पुलिस के पहुँचने पर उसे बचाया।
पुलिस ने मौके से 10 लोगों को हिरासत में लेकर कई बाइक व साइकिलें कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने घायल वृद्ध को सीएचसी खीरों पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बुजुर्ग मानसिक रूप से विक्षिप्त है। ग्रामीणों ने बच्चा चोर बताकर उसकी पिटाई की है, जिससे वह घायल अवस्था में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। कई लोगों को हिरासत में लिए गया है। मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।