लखनऊ में आलमबाग में शुक्रवार सुबह बेखौफ शोहदे मेराज ने जमकर बवाल किया। सुबह करीब सात बजे शोहदे ने हाईस्कूल की छात्रा को फोन किया। छात्रा की शिकायत पर पिता ने मेराज को फोन कर डांटा तो उसने घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट की।
पीड़ित पिता रिश्तेदारों को लेकर शोहदे की हरकतों का विरोध करने के लिए चंदरनगर सब्जी मंडी स्थित फल की दुकान पहुंचे तो उसने चापड़ से हमला कर दिया। पीड़ित को खून से लथपथ करके भागने की कोशिश कर रहे मेराज को लोगों ने दबोच लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
इंस्पेक्टर आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि मेराज इलाके में ही रहने वाली हाईस्कूल की छात्रा को कई महीने से परेशान कर रहा है। छात्रा इस वक्त अपनी मां और छोटी बहन के साथ ननिहाल गई है। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे मेराज ने छात्रा के मोबाइल फोन पर कॉल की। छात्रा ने फोन नहीं उठाया लेकिन वह लगातार कॉल करता रहा।
छात्रा ने पिता को इसकी जानकारी दी तो वह मेराज को फोन कर डांटने लगे। पुलिस से शिकायत करने की धमकी दी तो दुस्साहसी शोहदे ने घर आकर पीटने की धमकी दी। कुछ ही देर में वह छात्रा के घर पहुंच गया और उसके पिता की लात-घूसों से पिटाई कर दी। उधर, छात्रा के पिता ने परिवारीजनों और रिश्तेदारों को सूचना देकर बुलवा लिया।
दोपहर करीब एक बजे सभी छेड़छाड़ और मारपीट का विरोध दर्ज कराने मेराज की फलों की दुकान पहुंचे। यहां मेराज फिर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने चापड़ से हमला कर दिया। छात्रा के पिता को गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में वह जमीन पर गिर पड़े।