गोंडा शहर के मेवातियान मोहल्ले के रहने वाले एक इंजीनियर की इजिप्ट के शहर आसवान में रविवार की सुबह मौत हो गई है। इंजीनियर के मौत की खबर उनके घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया।
शहर के मेवातियान मोहल्ले के रहने वाले फराज अहमद ने बताया कि उनका छोटा भाई 28 वर्षीय नवाज अहमद इलेक्ट्रिकल इंजीनियर था। वह इन दिनों इजिप्ट के शहर आसवान में एक कंपनी में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। नवाज वहां सोलर प्लांट लगाने का काम करता था। फराज के मुताबिक नवाज शनिवार की रात खाना खाकर अपने कमरे में सो गया था।
रविवार सुबह 11 बजे आसवान से कंपनी के एक कर्मी की उनके पास कॉल आई। उसने कंपनी के जीएम से बात करने को कहा। जब उन्होंने जीएम को फोन लगाया और काल रिसीव हुई तो जीएम ने नवाज के मौत की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार की सुबह नवाज देर तक नहीं उठा तो कंपनी के लोग नवाज को जगाने उसके कमरे पर गए तो वह बिस्तर पर मृत पाया गया।
कंपनी के लोग उसे अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने बताया कि कई घंटे पहले ही उसकी मौत हो चुकी है। नवाज के मौत की खबर गोंडा उसके घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। फराज ने बताया कि कंपनी की ओर से शव भेजा जा रहा है। नवाज के मौत की खबर पर पिता काजी इमदाद उल्ला और भाई फराज अहमद का रो-रो कर हाल बेहाल है।