दूरदर्शन के जनमत कार्यक्रम के दौरान एक युवक दुर्गेश्ा ने अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली और बसपा नेता से लिपट गया।
लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही दोनों आग का गोला बन गए। वहां मौजूद लोगों ने दोनों पर दरी डालकर आग बुझाई लेकिन तब तक दोनों बुरी तरह जल चुके थे।
दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान दुर्गेश ने देर रात लखनऊ के सिविल अस्पताल में दम तोड़ दिया जबकि निजी अस्पताल में भर्ती बसपा नेता कमरुज्जमा फौजी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
देखते ही देखते आग का गोला बन गया
कलेक्ट्रेट के समीप तिकोनिया पार्क में दूरदर्शन के कार्यक्रम में भाजपा कांग्रेस सपा बसपा और आप के प्रत्याशी के प्रतिनिधियों में डिबेट चल रही थी।
इसी दौरान दुर्गेश ने वहां पहुंचकर खुद पर पेट्रोल छिड़क आग लगा ली। इसके बाद उसने बसपा प्रत्याशी पवन पांडेय के प्रतिनिधि कमरुज्जमा फौजी को पकड़ लिया।
कुछ ही देर में आग की लपटों ने दोनों को घेर लिया। इससे अफरा.तफरी मच गई।
वहां मौजूद किसान नेता हृदयराम वर्मा और सपा नेता दिलशाद ने दरी डालकर आग बुझाई।
घटना का कारण अज्ञात
घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। एसपी प्रतिभा ने बताया कि आत्मदाह की कोशिश करने वाला युवक दुर्गेश सिंह पुत्र एन प्रसाद निवासी बेलागढ़ जिला मऊ यहां एक होटल में ठहरा था।
राज होटल के रजिस्टर में दर्ज पते के आधार पर तहकीकात में दुर्गेश के अपराधी होने का पता चला।
आखिर दुर्गेश का निशाना कौन था। यह पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है। बसपा प्रत्याशी पवन पांडेय का दावा है कि युवक के निशाने पर वह थे।
चूंकि माइक के सामने उन्हीं का नाम लिखा था इसलिए युवक ने कमरुज्जमा को पवन समझकर पकड़ लिया।
आरोपी युवक अपराधी : एसपी
एसपी प्रतिभा ने बताया कि होटल के रजिस्टर में दर्ज पते की तहकीकात में युवक के अपराधी होने का पता चला है।
युवक के खिलाफ मऊ के हलधरपुर थाने में कई केस दर्ज हैं। मऊ में उसके परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि युवक के घर वालों से अच्छे संबंध नहीं हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था मुकुल गोयल ने बताया कि आत्मदाह की कोशिश करने वाला युवक हिस्ट्रीशीटर है और उसका मानसिक संतुलन सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह युवक 80 फीसदी जल गया है जबकि बसपा कार्यकर्ता 50 फीसदी जल गया है। दोनों की दशा गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए लखनऊ लाया जा रहा है।