राजा बुंदेला का मानना है कि केंद्र में भाजपा की सरकार आ रही है और पार्टी उत्तर प्रदेश में 40 से 48 सीटें तो जीतेगी ही। बुंदेला को उम्मीद है कि भाजपा के सत्ता में आने पर अलग बुंदेलखण्ड राज्य बनने का रास्ता साफ होगा।
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की लहर ने अलग बुंदेलखंड राज्य के सपने को हकीकत में बदलने की उम्मीद जगा दी है।
अलग बुंदेलखंड राज्य के लिए लंबे समय से झंडा बुलंद कर रहे राजा बुंदेला भी यह मान कर चल रहे हैं कि केंद्र में मोदी सरकार बनी तो बुंदेलखंड के लोगों को उनका हक दिलवा देगी।
वह कहते हैं कि बुंदेलखंड के लिए भी ‘अच्छे दिन आने वाले हैं।
उमा ने कहा, बुंदेलखंड को हक मिलेगा
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह के चुनाव प्रचार के सिलसिले में लखनऊ आए राजा बुंदेला ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कहा कि झांसी से चुनाव लड़ रही उमा भारती ने वादा किया है कि सरकार के बनते ही तीन साल में बुंदेलखंड को उसका हक दिलवाएंगी।
इस मुद्दे पर मोदी से भी उनकी बात हो चुकी है। बुंदेला का कहना है कि देश की दोनों बड़ी पार्टियां छोटे राज्यों की पक्षधर हैं लेकिन क्षेत्रीय दल रोड़े अटकाते रहते हैं।
मोदी खुद चाहते हैं कि छोटे राज्य बनें तो विकास जल्दी हो सकता है। लखनऊ के चुनाव को लेकर राजा बुंदेला ने कहा कि राजधानी में सवा दो लाख से ज्यादा बुंदेलखंड के लोग रहते हैं, जो भाजपा के साथ हैं।
मोदी ने जगाई उम्मीद
गौरतलब है कि बुंदेलखण्ड बदहाली का शिकार है, अभी तक राज्य सरकार भी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे सकी है।
वहीं मोदी ने अपने भाषणों में कई बार बुंदेलखण्ड को सम्पन्न बनाने का दावा किया है। उनका कहना है कि अगर केंद्र में भाजपा की सरकार बनती है तो बुंदेलखंड का विकास होगा।
जिसके बाद से ही यहां के लोगों को भाजप और मोदी से खास उम्मीद है।
इसके अलावा भाजपा नेता उमा भारती भी झांसी से चुनाव लड़ रही हैं जिन्होने सरकार बनने पर क्षेत्र का विकास करने का दावा किया है।
सर्वे भी भाजपा के पक्ष में
अभी तक अलग अलग चैनलों में दिखाए गए सर्वे के अनुसार उत्तर प्रदेश में भाजपा 40 से अधिक सीटें जीतने में कामयाब रहेगी।
जिससे कि उम्मीद की जा रही है केंद्र में भाजपा की सत्ता आना तय है।
प्रदेश में भाजपा की अन्य प्रतिद्वंदी पार्टियां सपा और बसपा प्रचार में भाजपा के मुकाबले कम ही आंकी जा रही हैं।
बताया जाता है कि केंद्र में भाजपा की सरकार आते ही 2017 में विधानसभा चुनाव में भाजपा जोरदार ढंग से वापसी करेगी।