निलंबित आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में सोमवार को विजलेंस पूछताछ करेगी।
अमिताभ के खिलाफ गोमतीनगर थाने में दर्ज किये गए मुकदमे के विवेचक निरीक्षक दद्दन चौबे ने उन्हें पत्र भेजकर सोमवार को दिन में 11 बजे पूछताछ के लिए बुलाया है।
विजिलेंस के निरीक्षक ने अमिताभ के साथ उनसे उनके बच्चों व पत्नी डॉ. नूतन ठाकुर की शिक्षा पर हुए व्यय, उनके व उनके परिवार वालों की चल-अचल संपत्ति, बैंक लॉकर आदि का विवरण मांगा है।
साथ में नेशनल आरटीआई फोरम, पीपुल्स फोरम, पीके ओएमजी ट्रस्ट आदि से जुड़े अभिलेख की सूचना भी मांगी गई है।
विजिलेंस ने इससे पहले अमिताभ को 28 अक्तूबर को पूछताछ के लिए बुलाया था पर उस दिन पूछताछ नहीं हो सकी थी।
अमिताभ ने आरोप लगाया था कि विवेचक दफ्तर में नहीं मिले थे, जबकि विवेचक ने आरोप लगाया था कि अमिताभ समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे थे।
मामले में अमिताभ ने आरोप लगाया है कि विजिलेंस राजनीतिक दबाव में एक पक्षीय विवेचना कर रही है।