मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महेंद्रनाथ पांडेय व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह।
- फोटो : amar ujala
मिशन 2019 की सफलता का खाका खींचने के लिए लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सबसे पहले लखनऊ में समता मूलक चौराहे पर ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर गए और उन्हें माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्र्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय भी थे।
दलितों को लेकर चल रहे सियासी घमासान के बीच ज्योतिबा फुले की जयंती पर शाह के इस कदम के पीछे भाजपा की खास सियासी संदेश देने की कोशिश मानी जा रही है। यह भी कहा जा रहा है कि शाह के जरिये भाजपा ने पिछड़ों और दलितों को जोड़ने की कोशिश की है।
कई चरणों में बैठक
कई दौर की मैराथन बैठक के पहले चरण में शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल के साथ सरकार के कामकाज, समन्वय और लोगों के बीच संदेश पर बातचीत की।
दूसरे चरण में इसमें दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा भी शामिल हुए। तीसरे चरण में सहयोगी दलों के नेताओं को शामिल किया गया। अंतिम चरण में संगठन के सभी प्रदेश महामंत्रियों को भी बुलाकर शाह ने मुख्यमंत्री आवास पर ही बातचीत की और उन्हें आगे का एजेंडा सौंपा। यह पहला मौका है कि हमेशा संगठन मुख्यालय पर बैठकें करने वाले शाह दिन भर मुख्यमंत्री आवास पर रहे।
गठबंधन के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने शाह के सामने प्रमुख रूप से सात मांगें रखीं। साथ ही अधिकारियों की मनमानी और उनकी बात न सुनने की शिकायत भी की। इसी के साथ उन्होंने पिछड़ों के 27 प्रतिशत आरक्षण में अति पिछड़ी जातियों का कोटा तय करने और 17 अति पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा देने की मांग भी रखी। सपा सरकार में इन्हीं जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा देने की मांग केंद्र को भेजी गई थी।
50 फीसदी जिलों में ओबीसी डीएम-कप्तान तैनात हों
अपना दल के नेताओं ने मांग उठाई कि 50 प्रतिशत जिलों में ओबीसी के जिलाधिकारी व पुलिस कप्तान तैनात किए जाएं। थानों में भी 50 प्रतिशत ओबीसी थानेदारों की तैनाती की मांग की गई।