फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में गरजे अमित शाह, बोले- दो तिहाई बहुमत से बनाएंगे भाजपा सरकार

Sat, 04 Jun 2016 11:07 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि सपा दलितों का उत्पीड़न करती है और बसपा सिर्फ उपयोग। दलितों के सम्मान और विकास की चिंता सिर्फ भाजपा करती है।
विज्ञापन


जो लोग अंबेडकर के नाम पर राजनीति करते हैं और दलितों के हितैषी होने का दावा करते हैं उन्हें बताना चाहिए कि सरकार में रह कर उन्होंने दलितों के विकास और डॉ. अंबेडकर जैसे वंचित समाज के तमाम महापुरुषों के सम्मान के लिए क्या किया?

उन्होंने दावा किया कि दलित अब बसपा के साथ नहीं पूरी तरह भाजपा के साथ हैं। इसीलिए वह कहते हैं कि यूपी में मुकाबला सपा से होगा। भाजपा की दो तिहाई बहुमत से सरकार बनेगी। विधानसभा की सभी सुरक्षित सीटों पर भाजपा जीतेगी। कहा, देश में सबसे ज्यादा घटिया कानून-व्यवस्था उप्र की है। इसका सबसे ज्यादा नुकसान दलितों को होता है।
विज्ञापन


इसलिए दलित समाज को इस सरकार को बदलना होगा। शाह शनिवार को यहां लोहिया विधि विश्वविद्यालय के अंबेडकर सभागार में भाजपा अनुसूचित मोर्चे के अवध क्षेत्र की ओर से आयोजित स्वाभिमान महासम्मेलन में बोल रहे थे।
Trending Videos

'इतना समर्थन दें कि लोग कहें दलितों ने यूपी में बनवाई भाजपा सरकार'

सम्मेलन में जुटी भीड़ से खुश दिख रहे शाह ने कहा, प्रदेश में आज दलित सुरक्षित नहीं हैं। यूपी में दलित विरोधी सरकार होने से दलित समाज की भलाई के लिए केंद्र सरकार की योजनाएं यहां रफ्तार नहीं पकड़ पा रही हैं। दलितों को अपना सम्मान चाहिए तो यहां भाजपा सरकार बनवाने में जुटें।

सम्मेलन में आने वाला हर आदमी कम से कम सौ दलितों को मोदी सरकार के काम बताए और सपा व बसपा के कारनामे। उन्होंने कहा, इतना समर्थन दे दीजिए कि लोग कहने को मजबूर हो जाएं कि यूपी में भाजपा की सरकार दलितों ने बनवाई।

अटल और मोदी सरकार के गिनाए काम
शाह ने न सिर्फ अटल और मोदी सरकार के काम गिनाए बल्कि विभिन्न राज्यों में भाजपा सरकारों के कामकाज का भी उल्लेख किया। बताया कि देश में सबसे ज्यादा दलित सांसद और विधायक भाजपा के हैं। लोकसभा चुनाव में यूपी से भाजपा को 73 सीटें दिलाने में भी दलित समाज का योगदान रहा। भाजपा सरकारों ने हमेशा दलितों की भलाई के लिए सोचा।

दलितों को मजबूत बनाने के लिए मोदी ने शुरू की स्टैंडअप योजना

शाह बोले, अंबेडकर को भारत रत्न देने और उनके स्थलों के विकास की चिंता या तो अटल सरकार ने की या अब मोदी सरकार कर रही है। अन्य दलित महापुरुषों के सम्मान की चिंता भी सिर्फ भाजपा ही कर रही है।

नरेन्द्र मोदी यूं ही नहीं कहते हैं कि उनकी सरकार दलितों, पिछड़ों व गरीबों की है। दलित भी उद्योगपति बनें, यह बात सिर्फ मोदी के दिमाग में आई और उन्होंने स्टैंडअप योजना के जरिये देश भर में फैली बैंकों की सवा लाख शाखाओं को कम से कम एक दलित युवक को रोजगार देने की जिम्मेदारी सौंपी।

कांग्रेस ने अंबेडकर को संसद जाने से रोका
शाह ने कहा, सरदार पटेल ने देश को एक किया और बाबा साहब ने अद्भुत संविधान दिया। राहुल भी इन दिनों अंबेडकर की चिंता कर रहे हैं। मेरा सिर्फ यह कहना है कि ‘राहुल बाबा थोड़ी पढ़ाई-लिखाई करिये। आपको मालूम हो जाएगा कि अंबेडकर को संसद जाने से कांग्रेस ने रोका था।’

एक अन्य वक्ता ने यहां तक कहा कि भाजपा ने हमेशा उनका सम्मान किया। चुनाव में उन्हें समर्थन दिया और राज्यसभा भिजवाने में भी साथ खड़ी हुई।
विज्ञापन

भाजपा अध्यक्ष ने ये काम भी गिनाए

-मोदी ने डॉ. अंबेडकर के नाम पर सिक्का जारी किया
-संसद में बाबा साहब का चित्र लगवाया

-अहमदाबाद स्थित संकल्प भूमि पर स्मारक और मप्र के महू में स्मारक का निर्माण

-अंबेडकर की दीक्षा भूमि नागपुर को संरक्षित कर विकसित कराया और महाराष्ट्र में उनके अंत्यष्टि स्थल पर स्मारक बना

- अंबेडकर के  पैतृक आवास चिंचौली (नागपुर) को स्मारक का रूप और उनके उपयोग की वस्तुओं का संरक्षण

-लंदन में उस मकान को खरीदकर उसे डॉ. अंबेडकर छात्रावास व स्मारक बनाने का काम हुआ जहां रहकर अंबेडकर पढ़े थे।

भाजपा के ये नेता भी रहे मौजूद
सम्मेलन को प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य, अनुसूचित मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष गौतम चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश शर्मा, अवध क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष मुकुट बिहारी वर्मा, अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिवाकर सेठ, पूर्व मंत्री रमापति शास्त्री, राज्यसभा सदस्य जुगुल किशोर, सांसद कौशल किशोर, दलबहादुर कोरी, सावित्री बाई फूले, प्रियंका रावत, अंशू वर्मा सहित कई सांसदों व नेताओं ने संबोधित किया। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, पूर्व डीजीपी बृजलाल, पूर्व आईएएस प्रभुदयाल, राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, अनुसूचित मोर्चा के प्रभारी अशोक तिवारी सहित कई अन्य नेता भी मौजूद थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें