हादसे में मृत अरमान व गमगीन परिजन।
- फोटो : amar ujala
अमेठी के जगदीशपुर कमरौली के उतलेवा गांव के रहने वाले शब्बीर का पुत्र अरमान (15) बुधवार सुबह साइकिल से स्कूल जा रहा था। रास्ते में हाईवे पर कस्बे में अज्ञात वाहन की चपेट में उनकी साइकिल आ गई। हादसे में घायल अरमान की ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर में मौत हो गई।
शब्बीर के मुताबिक बेटा अरमान कस्बे में संचालित निजी स्कूल में कक्षा सात का छात्र है। अरमान बुधवार को साइकिल से स्कूल जा रहे थे। कस्बे में स्थित पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने साइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में घायल अरमान को स्थानीय लोगों ने ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर पहुंचाया। जहां अरमान की मौत हो गई। अरमान की मौत के बाद परिजनों का रोकर बुरा हाल है। एसओ अभिनेष कुमार ने बताया कि अरमान के पिता की तहरीर पर वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
भाइयों में सबसे बड़ा था अरमान
अरमान के मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मचा है। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां रेहाना बानो का रो-रोकर बुरा हाल है जो बार-बार बेहोश हो जा रही थी। पिता लखनऊ में किसी निजी कम्पनी में काम करते हैं। घटना के समय लखनऊ में थे। खबर सुनकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। छोटा भाई अरबाज भी दूसरे साइकिल से भाई अरमान के साथ पीछे स्कूल जा रहा था।
अरबाज के साइकिल की चैन उतने से रुक कर चढ़ाते समय बढ़ा भाई भी चन्द कदम की दूरी पर रुक कर छोटे भाई का इंतजार करने लगा तब तक पीछे तेज गति से आई अज्ञात स्कॉर्पियो अरमान को टक्कर मारते हुए भाग गई जिसे देखते ही अरबाज के होश उड़ गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद विधिक कार्यवाही में जुटी है।