राजधानी में जिला प्रशासन ने एंबुलेंस के किराये की दरें भले ही निर्धारित कर दी हैं, लेकिन कई जगह एंबुलेंस संचालक इन्हें नहीं मान रहे। मनमाना किराया मांगा जा रहा है। ज्यादा पूछताछ करने पर एंबुलेंस ले जाने से ही मना कर दे रहे। कोई ऑक्सीजन महंगी मिलने का हवाला दे रहा है तो कोई बिना कारण बताए चलने से ही इंकार कर दे रहा। परेशानहाल मरीजों के तीमारदार देर तक भटकने के बजाय मनमाने दाम चुकाकर एंबुलेंस सेवा इस्तेमाल कर पा रहे हैं।
इसका खुलासा ‘अमर उजाला’ टीम द्वारा शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर एंबुलेंस संचालकों से मरीज ले जाने के लिए की गई किराए की बात में हुआ। ट्रॉमा से लेकर लोहिया अस्पताल और कानपुर रोड एलडीए कॉलोनी स्थित लोकबंधु अस्पताल तक एंबुलेंस संचालक मनमानी करते नजर आए। हालांकि कुछ जगह प्रशासन द्वारा दरें लागू करने का असर भी दिखा और तय दर पर ही एंबुलेंस संचालक मरीज को ले जाने के लिए राजी दिखे। आइए जानते हैं कहां क्या रही स्थिति :
समय : दोपहर 2:45 बजे
15 किलोमीटर के मांगे 3000 रुपये
विवेकानंद हॉस्पिटल के बाहर खड़ी एंबुलेंस संख्या यूपी 34 जी 0427 के चालक पप्पू से जब मां चंद्रिका देवी हॉस्पिटल चलने की बात की तो उसने 3000 रुपये मांगे। उसने यह भी कहा कि वह जहां खड़ा है वहीं से मीटर चार्ज करेगा। जबकि पास ही में डंडइया से मरीज को मां चंद्रिका देवी हॉस्पिटल पहुंचाना था। एंबुलेंस का यह चार्ज बिना ऑक्सीजन सपोर्ट के था, क्योंकि गाड़ी में ऑक्सीजन सिलेंडर तो था, लेकिन वह भरा नहीं था।
समय: दोपहर 1:45 बजे
दाम करने पर नहीं हुआ राजी
ट्रॉमा सेंटर के पास मौजूद एंबुलेंस संचालक ने अपना नाम चंद्र शेखर बताया। पराग डेयरी हजरतगंज से टीएसएम अस्पताल सरोजनी नगर मरीज ले जाने की बात पर उसने बताया दूरी 11 किलोमीटर है। इसलिए नॉन ऑक्सीजन एंबुलेंस 4000 रुपये व ऑक्सीजन एंबुलेंस 5000 रुपये में जा पाएगी। दाम कम करने पर उसने कहा कि सौ, दो सौ रुपये कम हो जाएगा।
समय : दोपहर 3.30 बजे
ऑक्सीजन मुश्किल से मिलती है, इसलिए रेट बढ़ाना पड़ता है
ट्रामा सेंटर के बाहर खड़े एंबुलेंस चालक से मनकामेश्वर मंदिर डालीगंज से टीएसएम अस्पताल जाने का ऑक्सीजन सहित एंबुलेंस का किराया पूछा तो 5000 रुपए बताए। वहीं बिना ऑक्सीजन के 15 सौ रुपए बताए। रिपोर्टर ने जब कहा कि कल डीएम की तरफ से दर तय किए जाने का आदेश आया है तो उसने कहा कि तो फिर अगर आपको सरकारी वैन मिले तो आप उससे मरीज को लिए जाओ। यही नहीं बाद में उसने कहा कि बड़ी मुश्किल से हम लोगों को ऑक्सीजन मिलती है इसलिए रेट बढ़ाना पड़ता है।
लोकबंधु के पास भी वसूल रहे बढ़े रेट
ट्रॉमा सेंटर या विवेकानंद हॉस्पिटल के पास ही नहीं कानपुर रोड एलडीए कॉलोनी स्थित लोकबंधु अस्पताल के पास भी एंबुलेंस संचालक बढ़ाकर दाम वसूल रहे हैं। दोपहर में यहां केजीएमयू चलने के लिए जब एंबुलेंस चालक से पूछा गया तो उसने तीन हजार रुपये बताए।
यहां दिखा असर
समय: दोपहर 12.48 बजे
लोहिया पर दिखा सख्ती का असर
लोहिया अस्पताल के पीछे एंबुलेंस चालक रामकृपाल से जब अजंता हॉस्पिटल आलमबाग चलने की बात की तो उसने अपनी ऑक्सीजन रहित एंबुलेंस का रेट 1000 रुपये प्रति दस किलोमीटर बताया और इससे अधिक दूरी होने पर 100 रुपये प्रति किलोमीटर लेने की बात कही। उसने कहा कि वह सरकारी रेट पर ही मरीज को ले जाएगा।
समय: लगभग 1:35 बजे
भिठौली से चरक अस्पताल के 1200 रुपये
ट्रामा सेंटर के बाहर राज नाम के एंबुलेंस चालक से मड़ियांव भिठौली से चरक अस्पताल ठाकुरगंज में मरीज ले जाने के लिए पूछा तो उसने बताया कि ऑक्सीजन एंबुलेंस ढाई हजार रुपये व नॉन ऑक्सीजन 1200 रुपये में जा पाएगी।