पोस्टमार्टम हाउस सद्दरपुर के बाहर मौजूद मृतक के परिजन।
- फोटो : amar ujala
अकबरपुर क्षेत्र के बसखारी मार्ग पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बरियावन चौराहे के पास बरातियों से भरी एक अर्टिगा कार बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई और सामने से आ रही एसयूवी से टकरा गई। इस हादसे में दोनों वाहनों में सवार आठ लोग घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इब्राहिमपुर के ऊसरपुर मेवाड़िया निवासी सुशील पांडेय के बेटे रवि की बरात सोमवार को सम्मनपुर गई थी। जयमाल के बाद रात करीब 12 बजे अर्टिगा कार से प्रशांत तिवारी (24), रविकांत पांडेय (23), विभु पांडेय (18), दिव्यांश तिवारी (15), प्रिंस (20) और रामचंद्र (16) वापस लौट रहे थे।
बरियावन चौराहे के पास अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार बेकाबू हो गई और सड़क पर कई बार पलटते हुए सामने से आ रही एक एक्सयूवी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्सयूवी भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक दुकान में घुस गई। हादसे के बाद अर्टिगा में सवार सभी लोग बेहोश हो गए। होश में आने पर दिव्यांश ने साहस दिखाते हुए अपने साथियों को वाहन से बाहर निकाला और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान प्रशांत तिवारी (24 वर्ष) ने दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल रविकांत पांडेय उर्फ अन्नू की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। एसयूवी सवार अवनीश और रिंकू (निवासी सुल्तानपुर) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। क्षेत्राधिकारी नीतिश कुमार तिवारी और इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
छात्र प्रशांत की मौत, फौजी बनने का सपना अधूरा
मृतक प्रशांत तिवारी बीए प्रथम वर्ष के छात्र थे। परिजनों ने बताया कि प्रशांत का सपना भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना था। अपने इसी लक्ष्य को पाने के लिए वे रोज सुबह चार बजे उठकर दौड़ने जाते थे। वे पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक अभ्यास (फिजिकल) में भी कड़ी मेहनत कर रहे थे ताकि इस बार उनका चयन हो सके। किंतु नियति को कुछ और ही मंजूर था। बेटे की असामयिक मृत्यु की खबर सुनकर मां राजकुमारी बेसुध हो गईं। प्रशांत के पिता उमेश तिवारी लखनऊ में सिक्योरिटी इंचार्ज हैं, जबकि बड़े भाई प्रभात तिवारी सूरत की एक हीरा कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी बहन क्षमा तिवारी विवाहित हैं।