पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की बहू सारा की मौत की जांच एएसपी ट्रांसगोमती मनीराम यादव करेंगे। बुधवार दोपहर एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने सारा की मां सीमा सिंह के प्रार्थनापत्र पर इस बाबत आदेश दिया।
सीमा सिंह ने सारा की मौत के छठे दिन पूर्व मंत्री अमरमणि व उनके बेटे अमनमणि सहित परिवारीजनों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। चूंकि, मामला हाईप्रोफाइल है इसलिए राजधानी पुलिस भी इसमें हाथ डालने से बच रही है। यही वजह है एसएसपी ने सीधे एफआईआर दर्ज कराने के बजाय जांच की बात कहकर सारा की मां को लौटा दिया।
सीमा सिंह अभी तक अमरमणि और अमनमणि पर सारा की हत्या का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग लेकर डीजीपी और राजनीतिक पार्टियों के दफ्तर के चक्कर काट रही थीं। बुधवार को पहली बार उन्होंने एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया।
इसमें सीमा ने लिखा है कि जुलाई 2013में बेटी सारा की शादी अमरमणि के बेटे अमनमणि से अलीगंज के आर्य समाज मंदिर में हुई थी। चार-पांच महीने सब ठीक चला लेकिन बाद में सारा परेशान रहने लगी। पूछने पर वह टाल जाती थी। करीब छह महीने पहले सारा ने बताया कि अमनमणि मुझसे छुटकारा पाना चाहता है और रोजाना मारपीट व झगड़ा करता है।
प्यार से अमन को समझाने के लिए कहा
सीमा ने सारा से कहा कि वह प्यार से अमन को समझाए। इस पर सारा ने कहा कि वह अपनी गृहस्थी बचाने के लिए हर जतन कर चुकी है लेकिन अमन और उसका परिवार मुझसे किसी भी तरह छुटकारा पाना चाहता है।
सीमा ने प्रार्थनापत्र में लिखा है कि मेरी बेटी अक्सर यही कहती थी कि मम्मी मेरे साथ कोई अनहोनी न हो जाए। बीती नौ जुलाई की दोपहर 1.38 बजे किसी ने बेटे सिद्धार्थ के मोबाइल फोन कर बताया कि यहां पर एक दुर्घटना हुई है।
कुछ ही मिनट बाद सिद्धार्थ के मोबाइल फोन पर सारा के नंबर से अमनमणि ने कॉल की और बताया कि हम लोगों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।
सीमा के अनुसार कुछ देर बाद अमन ने उन्हें फोन कर बताया कि सारा की मौत हो चुकी है। सीमा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सारा की हत्या कराई गई है। प्रार्थनापत्र में उन्होंने एसएसपी से निष्पक्ष जांच कर एफआईआर करने की मांग की है।
ऑफिस से जा चुके थे एसएसपी, सीमा के आने पर लौटे
पूर्व मंत्री अमरमणि और उनके बेटे अमनमणि के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए सीमा सिंह के पुलिस ऑफिस पहुंचने की खबर ने सुबह से ही गहमा-गहमी मचा रखी थी। एसएसपी अपने ऑफिस में बैठे हुए थे लेकिन दोपहर करीब 12.30 बजे सीमा ने मीडिया कर्मियों को सीधे डीजीपी के पास जाने की बात कह दी। लगभग एक बजे एसएसपी ऑफिस से चले गए।
इसी बीच सीमा के पुलिस ऑफिस पहुंचने की सूचना आ गई। सीमा के आने की जानकारी पाकर करीब 20 मिनट बाद एसएसपी भी ऑफिस लौट आए। यहां उन्होंने सीमा का प्रार्थनापत्र लेकर जांच कराने की बात कही और चले गए।
घटनास्थल को लेकर छिड़ी बहस
सारा की मौत के घटनास्थल को लेकर उसके परिवारीजनों और पुलिस में बहस छिड़ गई है। एसएसपी का कहना है कि मौत फीरोजाबाद में हुई थी इसलिए वहीं एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। जबकि सीमा सिंह का कहना है कि अमनमणि साजिशन उसे घर से ले गया था इसलिए घटना की शुरुआत गोमतीनगर स्थित उनके घर से ही होती है।
अमनमणि से मिलने आज जिला कारागर जाएंगे सारा के परिवारीजन
सीमा सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह बेटों के साथ अमनमणि से मिलने जिला कारागार जाएंगी। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद अमनमणि से बहुत ज्यादा बातचीत नहीं हो सकी।
घर से निकलकर दोनों कहां और किस रास्ते से गए। बीच में कहां और क्यों रुके। किस ढाबे पर खाना खाया। एक्सीडेंट कैसे हुआ। हादसे के बाद क्या किया। सबसे पहले मदद के लिए कौन आया?
अमन ने सबसे पहले किसे फोन करके हादसे की सूचना दी। सारा के क्रियाकर्म में वह क्यों नहीं आया? ऐसे तमाम सवाल सीमा उससे पूछेंगी।