कुछ भी हो बेटियां रात 12 बजे भी गली से निडर होकर गुजर जाती हैं। जनता की कई उम्मीदें पूरी हुई हैं। फ्री में राशन मिल रहा है। माफियाओं को पता चल गया है कि उनकी व्यवस्था कहां है लेकिन सरकार को बेरोजगारी के मुद्दे पर भी ध्यान देना चाहिए।
मंगलवार को अमर उजाला अखबार की टीम सत्ता के संग्राम अभियान के तहत बाराबंकी लोकसभा क्षेत्र में पहुंची तो सुबह करीब साढ़े सात बजे शहर के धरोहर चौराहे पर लोगों से जब नई सरकार से उम्मीद के बारे में पूछा गया तो कुछ ऐसा ही जवाब आया।
ये भी पढ़ें - वोटर हिंदुस्तानी... घर परिवार नेपाल में, लोकसभा चुनाव में सीमा पर दोहरी नागरिकता के मतदाता बनेंगे मुसीबत
ये भी पढ़ें - सुल्तानपुर: सपा में फिर से टिकट बदलने के कयास, टिकट कटने वाले प्रत्याशी से बोले अखिलेश, भीम को मिठाई खिलाओ!
व्यापारी प्रदीप जैन बोले, देश कहां से कहां पहुंच गया है यह जनता महसूस कर रही है। व्यापारी राजीव गुप्ता ने कहा कि बाराबंकी राजधानी के निकट का जिला है इसलिए यहां माल के आयात निर्यात की व्यवस्था होने के साथ व्यापारियों को स्थानीय बाजार भी मिलना चाहिए।
इस दौरान धनोखर चौराहे पर स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने आए वृद्ध से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बेटियां अब रात को 12:00 बजे भी सुरक्षित ढंग से आ जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण से इस बार नई सरकार के गठन का रास्ता साफ होगा। मंदिर निर्माण का प्रभाव चुनाव पर पूरा है। उनकी बात पूरी होने से पहले बगल में खड़े एक शहरवासी ने कहा कि माफियाओं को पता चल गया है कि उनकी व्यवस्था कहां है। हालांकि इस दौरान शहर के पवन यादव ने कहा कि सरकार बेरोजगारों के बारे में भी सोचे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक की कोई भी भर्ती ऐसी नहीं रही है जिसका पेपर लीक न हुआ हो लेकिन इस बात पर कड़ा प्रतिरोध करते हुए सुधीर मौर्य ने कहा कि ऐसा नहीं है। आत्मनिर्भरता जरूरी है। अमर उजाला की टीम ने यहां पर कई वर्ग के लोगों से बात की। स्थानीय नेता भी आए और उन्होंने समीकरणों के आधार पर अगली सरकार बनाने का दावा किया। अमर उजाला टीम ने बाराबंकी में आम जनता से उनकी उम्मीदों को लेकर सवाल किया।