अखिलेश यादव भले ही खुले तौर पर अमर सिंह को पार्टी और परिवार के बीच कलह की जड़ बता रहे हों लेकिन अमर सिंह के लिए मुलायम सिंह का प्रेम कम होते नहीं दिख रहा है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने अमर सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बना दिया है। अमर को ये बड़ी जिम्मेदारी चुनाव को देखते हुए दी गई है।
बता दें कि हाल में समाजवादी पार्टी में हुए महासंग्राम के लिए पार्टी के कई लोगों ने अमर सिंह को खुले तौर पर दोषी ठहराया था। सीएम ने कहा था कि अगर बाहरी लोग दखल देंगे तो पार्टी कैसे चलेगी।
एक चैनल को दिए गए इंटरव्यू में अखिलेश ने ये तक कहा था कि वह उन्हें अब ‘अंकल’ नहीं कहेंगे। उन्होंने कहा था कि अपने और नेताजी के बीच वह किसी बाहरी को नहीं आने देंगे और बाहरी से उनका इशारा सीधी तौर पर अमर सिंह पर था।
इतना ही नहीं पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रामगोपाल यादव ने भी कहा था कि अमर सिंह पार्टी को बर्बाद कर देना चाहते हैं। वहीं शिवपाल यादव ने अमर सिंह का बचाव किया था और कहा था कि अमर कभी भी झगड़ा नहीं लगा सकते। मुझे उन पर पूरा भरोसा है, वो कभी भी हमारे परिवार का नुकसान नहीं कर सकते।