लखनऊ। आलमबाग स्थित चंदरनगर इलाके में शनिवार सुबह 11 बजे भूमिगत एलटी केबल में आए फॉल्ट के कारण नटखेड़ा रोड सहित आसपास के बाजार एवं रिहायशी इलाके की बिजली करीब साढ़े पांच घंटे तक गुल रही। संकरी गली होने से यहां फॉल्ट सही करने में परेशानी हुई। इस बिजली संकट से व्यापार पर असर पड़ा, जिस पर व्यापारियों ने नाराजगी भी जताई।
नटखेडा रोड युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनीष अरोड़ा ने बताया कि शाम 4:30 बजे बिजली चालू हुई तो व्यापारियों ने राहत की सांस ली। उधर, व्यापारियों ने बताया कि शुक्रवार को भी एलटी केबल जलने कारण बिजली गुल हुई थी। शनिवार को उसी जगह पर दोबारा फॉल्ट आ गया, जिससे व्यापारी उमस भरी गर्मी के दौरान व्यापार नहीं कर सके।
उधर, अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि 70 फीसदी उपभोक्ताओं की बिजली दूसरे स्रोत से चालू कर दी गई थी, जबकि 30 प्रतिशत उपभोक्ताओं को बिजली रात करीब आठ बजे मिल सकी। उन्होंने बताया कि संकरी गली होने के कारण फॉल्ट को सही करने के लिए खोदाई करने में कर्मियों को दिक्कत हुई।