लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के दीक्षांत समारोह में पहली बार सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज (कैस) के अपने शोध छात्रों को स्वर्ण पदक दिया जाएगा। विवि में दीक्षांत समारोह 16 दिसंबर को आयोजित होना है। इसमें सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज के शोध छात्र एमटेक के तुषार सिंह, मनोज कौशिक, समरपीत वर्मा और अविनाश भास्कर को स्वर्ण पदक दिया जाएगा। ये सभी विश्वविद्यालय के पहले एमटेक छात्र होंगे, जिनको मेडल दिया जाएगा।
भाषा हानि की समस्या पर कर रहा हूं शोध
मैंने बच्चों में विशिष्ट भाषा हानि की समस्या पर शोध किया है। मेरा शोध मुख्य रूप से चिकित्सा सूचना विज्ञान के क्षेत्र से संबंधित है। समस्या को हल करने के लिए काफी शिक्षण कार्य करना पड़ा। मेरा शोध ऑटोमेटिक, एनॉलिसिस और वायरल बीमारियों की पहचान कर समस्या का हल निकालने को लेकर है। - मनोज कौशिक
अलग तरह का बनाना है रोबोट
मैं रोबोटिक्स के क्षेत्र में शोध कर रहा हूं, खासकर मोबाइल लेग्ड रोबोटिक्स और मॉड्यूलर रोबोट पर। लेग्ड रोबोट ठीक उसी प्रक्रिया के तहत कार्य करता है, जिसके अंतर्गत पैर हरकत करते हैं। यह एक तरह का मोबाइल रोबोट है जो आर्टिकुलेटेड अंकों का उपयोग करता है। यह काफी अलग तरह से और विभिन्न कार्य कर सकता है। दुर्गम इलाकों को भी पार कर सकता है, लेकिन इसके लिए बिजली की आवश्यकता होती है। -अविनाश भास्कर
प्रदूषण नियंत्रण पर करना है काम
मैं समुद्री प्रदूषण को बचाने पर शोध कर रहा हूं। एक ऐसा स्पंज विकसित करने पर कार्य कर रहा हूं जो समुद्र में मालवाहक जहाजों से निकलने वाले निष्कर्ण और तेल को अवशोषित करने में सहायक सिद्ध होगा। मैं प्रदूषण को नियंत्रित करने के क्षेत्र में काफी शोध करना चाहता हूं। पर्यावरण पर कार्य करना अच्छा लगता है। - समरपीत वर्मा