लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) अपने शिक्षकों को नई तकनीकी में एक्सपर्ट बनाने की पहल कर रहा है। इसी के तहत वह आईबीएम के साथ मिलकर शिक्षकों को क्वांटम कंप्यूटिंग में पांच दिवसीय एफडीपी का आयोजन कर रहा है। कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने सोमवार को इसकी शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्वांटम तकनीकी काफी तेजी से उभर रही है। इसकी वर्तमान और भविष्य में महत्ता को देखते हुए विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 बीटेक में माइनर डिग्री शुरू किया है। छात्रों को क्वांटम तकनीकी में भी दक्ष बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। ऐसे में शिक्षकों को भी इस तकनीकी में जानकार बनाने के लिए 11 से 15 मई तक पांच दिवसीय क्वांटम कम्प्यूटिंग में फैकेल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया है।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को आईबीएम क्वांटम प्लेटफार्म, क्विसकिट प्रोग्रामिंग, शोध परियोजनाओं तथा इंटर्नशिप के अवसर भी मिलेंगे। इससे उनकी तकनीकी दक्षता, शोध क्षमता और रोजगार संभावनाएं बढ़ेंगी। इस अवसर पर डीन यूजी प्रो. अनुराग त्रिपाठी, एसोसिएट डीन इनोवेशन डॉ. अनुज शर्मा, डॉ. अनुराग वर्मा, आईबीएम के डॉ. प्रभात मनोचा, गगन अग्रवाल अर्पित जैन उपस्थित थे।
18 तक सेशनल अंकों को ईआरपी पर करें अपलोड
एकेटीयू के सत्र 2025-26 के सम सेमेस्टर के स्नातक व परास्नातक के छात्रों की नियमित व कैरिओवर विषयों के आंतरिक अंकों को ईआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करने के लिए 11 से 18 मई तक पोर्टल खोला गया है। इसके साथ ही ऑनलाइन अपलोड किये गये आंतरिक अंकों की हार्ड कापी पर संबंधित विषय के परीक्षक व संस्थान के निदेशक या प्राचार्य के हस्ताक्षर की गई कापी स्पाइरल बाइंडिंग के साथ 25 मई तक परीक्षा विभाग में जमा करना होगा।