लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने अपने व संबद्ध कॉलेजों के छात्रों को स्वयं पोर्टल पर उपलब्ध ऑनलाइन कोर्स की जानकारी देते हुए इन कोर्स को करने का सुझाव दिया है। जनवरी से जून सेमेस्टर के लिए 1882 ऑनलाइन कोर्स पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) की ओर से इंजीनियरिंग कोर्स के विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोर्स कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में एआईसीटीई ने विश्वविद्यालय को भी अपने छात्रों को ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन कोर्स कराने के निर्देश दिए हैं।
डीन यूजी प्रो. अनुराग त्रिपाठी ने बताया है कि वर्तमान सेमेस्टर के लिए 1882 ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध हैं। इनकी परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से 17 से 21 जून के बीच कराई जाएगी। ऐसे में कॉलेज अपने छात्रों को ऑनलाइन कोर्स कराने के लिए निर्देशित करें। इसकी सूचना कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर भी लगाएं। विवि की वेबसाइट पर भी इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी व लिंक उपलब्ध है। विश्वविद्यालय की ओर से स्वयं पोर्टल के कोर्स क्रेडिट की मैपिंग की प्रक्रिया चल रही है। विश्वविद्यालय इसकी प्रक्रिया पूरी कर छात्रों को अलग से जानकारी देगा। इसके बाद स्वयं पोर्टल पर ऑनलाइन कोर्स करने की क्रेडिट छात्रों के परिणाम में मैप की जा सकेगी।