लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) अपने छात्रों को नई तकनीकी से अपडेट करने के लिए लगातार काम कर रहा है। इसके लिए कार्यशाला, संगोष्ठी, ऑनलाइन प्रशिक्षण आदि कार्यक्रम किए जा रहे हैं। ताकि छात्र इंडस्ट्री की वर्तमान जरूरतों के मुताबिक तैयार हो सकें।
इसी क्रम में विवि के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग की ओर से स्मार्ट ब्रिज के सहयोग से स्मार्ट ब्रिज वर्चुअल इंटर्नशिप प्रोग्राम कराया जाएगा। इसमें बीटेक सभी ब्रांच, एमटेक सभी ब्रांच और एमसीए, एमबीए के प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्र कर सकते हैं। इसे करने के लिए छात्रों को नौ जून तक पंजीकरण कराना होगा। ऑनलाइन मोड में छात्रों को प्रोजेक्ट आधारित प्रशिक्षण के साथ ही विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा।