कानून व्यवस्था के सवाल पर अखिलेश ने कहा, प्रदेश की जनता का सरकार से भरोसा उठ गया है। न्याय मांगने वालों को लाठियां खानी पड़ रही हैं। किसान ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे तो लाठियां मिलीं। किसान आत्महत्या कर रहे हैं।
उन्होंने कानून व्यवस्था पर राज्यपाल की चुप्पी पर चुटकी लेते हुए कहा, मौसम बदल गया है। वह गर्मी में बोलते थे, अब सर्दी आ रही है। अब लखनऊ में मुस्कुराओ तो गोली लग सकती है।
अखिलेश ने ललितपुर के एसडीएम की आत्महत्या के लिए वहां के डीएम को जिम्मेदार ठहराया। कहा, एसडीएम पर दबाव था। उनसे जमीन घोटाला कराना चाहते थे।
पुलिसकर्मियों द्वारा काला दिवस मनाने के सवाल पर कहा, यदि किसी संस्था का गलत इस्तेमाल करोगे तो यही होगा। लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी होती है कि वह सरकार को आगाह करे लेकिन सरकार ने हमारी हर बात की अनदेखी की।
पुलिसजनों से गलत काम कराए गए। सपा सरकार ने डायल-100 के जरिये पुलिस के जवान को इनोवा में बैठने का मौका दिया। उनके रहने की व्यवस्था में सुधार शुरू किया।