अखिलेश यादव व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी।
- फोटो : amar ujala
पश्चिम बंगाल में भवानीपुर सीट पर हुए उपचुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 55 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल कर अपनी मुख्यमंत्री की कुर्सी बचा ली है। इस जीत पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर भाजपा पर तंज किया है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि कुछ चुनाव ऐसे होते है जिनमें सिर्फ जमानत ही जब्त नहीं होती, बड़बोलेपन की जुबान भी जब्त हो जाती है। यूपी का चुनाव भाजपा की ‘सत्ता जब्त’करेगा।
बता दें कि इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम सीट से चुनाव लड़ने का फैसला किया था। लेकिन, भाजपा के सुवेंदु अधिकारी के हाथों उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
हालांकि, इन चुनावों में बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने विशाल जीत हासिल की थी। ऐसे में बनर्जी मुख्यमंत्री तो बन गई थीं लेकिन इस पद पर बने रहने के लिए उन्हें पांच नवंबर तक विधानसभा पहुंचना जरूरी था। अब, इस चुनाव में जीत हासिल करने के साथ उन्होंने अपनी कुर्सी पर मंडरा रहे संकट को दूर कर दिया है। बता दें कि बनर्जी इससे पहले यहां से दो बार पहले भी चुनाव जीत चुकी हैं, लेकिन अंतर के हिसाब से यह सबसे बड़ी जीत है।
जीत दर्ज करने के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि भवानीपुर में लगभग 46 फीसदी लोग गैर बंगाली हैं। इन सब ने मेरे लिए वोट किया। पश्चिम बंगाल के लोग भवानीपुर को देख रहे हैं, जिसने मुझे प्रेरित किया है।' बनर्जी ने जनता और चुनाव आयोग को धन्यवाद कहा।