बता दें कि उत्तर प्रदेश में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण ने 18 हजार का आंकड़ा पार कर लिया है। मंगलवार को रिकॉर्ड 18021 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, 85 मरीजों की मौत भी हुई है। तेजी से फैलते संक्रमण ने सीएम कार्यालय को भी चपेट में ले लिया है।
मुख्यमंत्री के करीबी अफसरों अपर मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल, विशेष सचिव अमित कुमार सिंह, ओएसडी अभिषेक कौशिक के अलावा एक निजी सचिव व एक निजी सहायक में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। अब वे सभी काम वर्चुअली कर रहे हैं।
संक्रमण के मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच जाने से शासन में हड़कंप मच गया है। मुख्यमंत्री के साथ रहने वाले तीन अफसरों के साथ निजी सचिव जयशंकर व निजी सहायक प्रताप के संक्रमित होने की पुष्टि होने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर उनके सरकारी आवास तक सतर्कता बरती जा रही है। शासन व सरकार में बेहद अहम जिम्मेदारी निभाने वाले कई अन्य अफसर भी कोरोना पॉजिटिव हुए हैं।